Monday, March 19, 2012

ग़ज़ल - - - रहबर ने पैरवी का जूनून यूँ बढा लिया



रहबर ने पैरवी का जूनून यूँ बढा लिया,
आखें जो खुली देखीं तो तेवर चढा लिया। 


तहकीक़ ओ गौर ओ फ़िक्र तबीअत पे बोझ थे,
अंदाज़ से जो हाथ लगा वह उठा लिया। 


शोध और आस्था में उन्हें चुनना एक था,
आसान आस्था लगी, सर में जमा लिया। 


साधू को जहाँ धरती के जोबन ज़रा दिखे,
मन्दिर बनाया और वहीँ धूनी राम लिया। 


पाना है गर खुदा को तो बन्दों से प्यार कर,
वहमों कि बात थी ये गनीमत कि पा लिया। 


"मुकिर" की सुलह भाइयों से इस तरह हुई,
खूं पी लिया उन्हों ने, ग़म इस ने खा लिया. 


Sunday, March 11, 2012

ग़ज़ल - - - मक्का सवाब है न मदीना सवाब है




मक्का सवाब है न मदीना सवाब है,
घर बार की ख़ुशी का सफीना सवाब है। 


बे खटके हो हयात तो जीना सवाब है,
बच्चों का हक़ अदा हो तो पीना सवाब है। 


माथे पे सज गया तो पसीना सवाब है,
खंता उठा के लाओ दफीना सवाब है। 


भूलो यही है ठीक कि बद तर है इन्तेकाम,
बुग्जो, हसद, निफाक, न कीना सवाब है। 


जागो ऐ नव जवानो! कनाअत हराम है,
जूझो, कहीं ये नाने शबीना सवाब है? 


"मुंकिर" को कह रहे हो दहेरया है दोजखी,
आदाब ओ एहतराम, करीना सवाब है। 

*बुग्जो, हसद, निफाक, कीना =बैर भावः *कनाअत=संतोष *नाने शबीना =बसी रोटी

Sunday, March 4, 2012

ग़ज़ल - - - अपने ही उजाले में जिए जा रहा हूँ मैं


अपने ही उजाले में जिए जा रहा हूँ मैं,
घनघोर घटाओं को पिए जा रहा हूँ मैं.


होटों को सिए हाथ उठाए है कारवां,
दम नाक में रहबर के किए जा रहा हूँ मैं। 


मज़हब के हादसों पिए जा रहे हो तुम,
बेदार हक़ायक़ को जिए जा रहा हूँ मैं।


इक दिन ये जनता लूटेगी धर्मों कि दुकानें, 
इसको दिया जला के दिए जा रहा हूँ मैं।


फिर लौट के आऊंगा कभी नई सुब्ह में,
तुम लोगों कि नफ़रत को लिए जा रहा हूँ मैं।


फिर फाड़ना न अब ये सदाक़त के पैरहन,
"मुंकिर" का गरेबान सिए जा रहा हूँ मैं. 

Thursday, February 23, 2012

ग़ज़ल - - - ज़िन्दगी है कि मसअला है ये ग़ज़ल - - - ज़िन्दगी है कि मसअला है ये





ज़िन्दगी है कि मसअला है ये,
कुछ अधूरों का सिलसिला है ये।

आँख झपकी तो इब्तेदा है ये,
खाब टूटे तो इन्तहा है ये।

वक़्त की सूईयाँ ये सासें हैं,
वक़्त चलता कहाँ रुका है ये।

ढूँढता फिर रहा हूँ खुद को मैं,
परवरिश सुन कि हादसा है ये।

हूर ओ गिल्मां, शराब, है हाज़िर,
कैसे जन्नत में सब रवा है ये।

इल्म गाहों के मिल गए रौज़न,
मेरा कालेज में दाखिला है ये।

दर्द ए मख्लूक़ पीजिए "मुंकिर"
रूह ए बीमार कि दवा ये हो।
******
*गिल्मां=दस *रौज़न =झरोखा * मख्लूक़=जीव

Thursday, February 16, 2012

ग़ज़ल - - -गर एतदाल हो तो चलो गुफ्तुगू करें





गर एतदाल हो तो चलो गुफ्तुगू करें,
तामीर रुक गई है इसे फिर शुरू करें.




इन कैचियों को फेकें, उठा लाएं सूईयाँ,
इस चाक दामनी को चलो फिर रफू करें।




इक हाथ हो गले में तो दूजे दुआओं में,
आओ कि दोस्ती को कुछ ऐसे रुजू करें।




खेती हो पुर खुलूस, मुहब्बत के बीज हों,
फासले बहार आएगी, हस्ती लहू करें।




रोज़ाना के अमल ही हमारी नमाजें हों,
सजदा सदक़तों पे, सहीह पर रुकु करें।




ए रब कभी मोहल्ले के बच्चों से आ के खेल,
क़हर ओ गज़ब को छोड़ तो "मुंकिर"वजू करें.
******************
*एतदाल=संतुलन *तामीर=रचना *पुर खुलूस=सप्रेम *रुकु=नमाज़ में झुकना *वजू=नमाज़ कि तय्यारी को हाथ मुंह धोना

Thursday, February 9, 2012

ग़ज़ल - - - रिश्ता नाता कुनबा फिरका सारा जग ये झूठा है




रिश्ता नाता कुनबा फिरका सारा जग ये झूठा है,
जुज्व की नदिया मचल के भागी कुल का सागर रूठा है।

ज्ञानेश्वर का पत्थर है, और दानेश्वर की लाठी है,
समझ की मटकी बचा के प्यारे, भाग नहीं तो फूटा है।

बन की छोरी ने लूटा है, बेच के कंठी साधू को,
बाती जली हुई मन इसका, गले में सूखा ठूठा है।

चिंताओं का चिता है मानव, मंसूबों का बंधन है,
बिरला पंछी फुदके गाए, रस्सी है न खूटा है।

सुनता है वह सारे जग की, करता है अपने मन की,
सीने के भीतर रहता है मेरा यार अनूठा है।

लिखवाई है हवा के हाथों, माथे पर इक रह नई,
"मुंकिर" सब से बिछड़ गया है, सब से रिश्ता टूटा है।
*****

Thursday, February 2, 2012

gazal - - - बहुत सी लग्ज़िशें ऐसी हुई हैं




बहुत सी लग्ज़िशें ऐसी हुई हैं,
कि सासें आज भी लरज़ी हुई हैं.




मेरे इल्मो हुनर रोए हुए हैं,
मेरी नादानियाँ हंसती हुई हैं.




ये क़द्रें जिन से तुम लिपटे हुए हो,
हमारे अज़्म की उतरी हुई हैं.




वो चादर तान कर सोया हुवा है,
हजारों गुत्थियाँ उलझी हुई हैं.




बुतों को तोड़ कर तुम थक चुके हो,
तरक्की तुम से अब रूठी हुई है.




शहादत नाम दो या फिर हलाकत,
सियासत मौतें तेरी दी हुई हैं.


हमीं को तैरना आया न "मुंकिर",
सदफ़ हर लहर पर बिखरी हुई हैं.